Good news जिलाधिकारी, टिहरी ने ओखला गांव पहुंचकर आपदा प्रभावितों से की मुलाकात

Spread the love

टिहरी/दिनांक 03 सितम्बर, 2025

‘‘जिलाधिकारी, टिहरी ने ओखला गांव पहुंचकर आपदा प्रभावितों से की मुलाकात।‘‘

‘‘डीएम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सुजड़गांव प्रतापनगर का किया स्थलीय निरीक्षण।‘‘

जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को प्रतापनगर तहसील क्षेत्रांतर्गत ओखला गांव पहुंचकर आपदा प्रभावितों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ओखला गांव में आपदा क्षति का जायजा लेते हुए ग्रामीणों की समस्याओं को सुना तथा समस्याओं का जल्द ही समाधान किये जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को आपदा से परिसंपत्तियों को हुई क्षति का शीघ्र आंकलन कर प्राक्कलन बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आपदा प्रभावित परिवारों को, जिन्हें अन्यत्र शिफ्ट किया गया है, उनके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

अवगत है कि जिला प्रशासन द्वारा 27 अगस्त को प्रतापनगर क्षेत्र के ग्राम ओखला में खतरे की जद में आए 09 आपदा प्रभावित परिवारों को अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करवाकर राहत सामग्री वितरित करवाई गई थी।

तत्पश्चात जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सुजड़गांव प्रतापनगर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने वार्डन कक्ष, स्टोर कक्ष, डाइनिंग हॉल, कम्प्यूटर कक्ष, कार्यालय का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिये। वर्तमान में विद्यालय में 71 बालिकाएं अध्ययन कर रही हैं। जिलाधिकारी ने बालिकाओं से पढ़ाई एवं भोजन व्यवस्था को लेकर बातचीत की तथा और अधिक मेहनत करने को कहा। इस मौके पर स्कूल स्टाफ एवं छात्राओं द्वारा फर्नीचर, इनवटर, स्मार्ट टीवी, वाद्यय यंत्र आदि की मांग की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने शीघ्र समाधान करने की बात कही।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने प्रतापनगर में राजा के महल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने महल को हैरिटेज के रूप में विकसित करने हेतु एसडीएम प्रतापनगर को खाता-खतौनी चैक कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।

इस अवसर पर डीडीओ मो. असलम, एसडीएम प्रतापनगर मंजू राजपूत, एसडीएम कीर्तिनगर सौम्य गर्ब्याल, डीपीआरओ एम.एम.खान, बीडीओ श्रव्या गोयल, डीटीडीओ एस.एस. राणा, बीईओ प्रतापनगर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

आगे पढ़ें

‘‘अल्पसख्यक समुदाय के बेरोजगार इच्छुक युवक/युवतियां से अल्पसंख्यक स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत आवेदन आमंत्रित।‘‘

जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशानुसार, जिला समाज कल्याण अधिकारी टिहरी गढ़वाल श्रेष्ठा भाकुनी ने अवगत कराया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु अल्पसंख्यक समुदाय (मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई, जैन, फारसी एवं बौद्ध) के बेरोजगार व्यक्तियों को स्वयं का रोजगार करने हेतु अल्पसंख्यक स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत 04 का भौतिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अन्तर्गत रू 0.20 से 10.00 लाख तक का ऋण बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है, जिसमें योजना लागत का 60 प्रतिशत बैंक ऋण 25 प्रतिशत अनुदान एवं 15 प्रतिशत लाभार्थी अंश का प्राविधान है।

उन्होंने जनपद में निवासरत अल्पसख्यक समुदाय के बेरोजगार युवक/युवतियों को सूचित करते हुए कहा कि उक्त योजना के अन्तर्गत लाभ लेने के इच्छुक अपने अभिलेख विकास खण्ड कार्यालय में तैनात सहायक समाज कल्याण अधिकारी अथवा जिला समाज कल्याण अधिकारी पदेन जिला प्रबन्धक, उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक कल्याण तथा वक्फ विकास निगम प्रथम तल पुराना कलेक्ट्रेट भवन नरेन्द्रनगर में 15 सितम्बर, 2025 तक स्वयं/डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि योजना की अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के मो.नं. 9634884705, 7830806731 से सम्पर्क किया जा सकता है। अभिलेखांे में बी.पी.एल. प्रमाण पत्र/आय प्रमाण पत्र 2.50 लाख से अधिक न हो (तहसीलदार द्वारा प्रदत्त मान्य होगा), आवेदक की आयु 18 से 55 वर्ष के मध्य हो, अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र (मस्जिद, गुरुद्वारा एवं चर्च द्वारा दिया गया प्रमाण पत्र या तहसील द्वारा प्रदत्त मान्य होगा), आवेदक के पास मूल निवास/स्थाई निवास प्रमाण पत्र हो, आवेदक का आधार कार्ड उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने बताया कि आवेदकों का चयन जनपद स्तर पर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित चयन समिति के माध्यम से किया जायेगा, जिसके लिए आवेदकों को पृथक से सूचित किया जायेगा।