–
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026
*एडीएम टिहरी ने आरसीएस पोर्टल पर वसूली पत्र ऑनलाइन प्रस्तुत किए जाने के संबंध में ली वर्चुअल बैठक*

अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल शैलेन्द्र सिंह नेगी द्वारा निर्गत आरसीसी/वसूली पत्रों को आरसीएस पोर्टल (ercs.uk.gov.in) पर ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तुत किए जाने के संबंध में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके द्वारा निर्गत किए गए वसूली पत्रों को आरसीएस पोर्टल
(ercs.uk.gov.in) पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी विभाग द्वारा ऑफलाइन वसूली पत्र प्रस्तुत किया जाता है, तो ऐसे वसूली पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा वसूली संबंधी प्रकरणों को पोर्टल पर ऑनलाइन प्रस्तुत करने की कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला लेखा अधिकारी, जनपद टिहरी गढ़वाल; सहायक आयुक्त राजकर विभाग खण्ड-2 ऋषिकेश; सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ऋषिकेश, जनपद देहरादून; सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी नई टिहरी; अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड नई टिहरी; अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड श्रीनगर-कीर्तिनगर; समस्त तहसीलदार/नायब तहसीलदार जनपद टिहरी गढ़वाल तथा प्रबन्धक उत्तराखण्ड बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम, जिला परियोजना कार्यालय नई टिहरी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026
*जनपद में सुरक्षा जवानों के लिए 17 अगस्त से 7 सितम्बर तक भर्ती शिविर*
जिला सेवायोजन अधिकारी टिहरी गढ़वाल लक्ष्मी यादव द्वारा जानकारी दी गई कि एसआईएस सिक्योरिटी (एसआईएस इंडिया लिमिटेड), देहरादून के सहयोग से जनपद के समस्त विकासखण्डों में सुरक्षा जवानों की भर्ती हेतु विकासखण्ड स्तर पर भर्ती शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि भर्ती में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 10वीं पास/फेल, न्यूनतम ऊंचाई 165 सेमी तथा आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित है तथा वजन 50 कि. ग्रा. न्यूनतम हो। भर्ती शिविर में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों से पंजीकरण शुल्क ₹350 निर्धारित किया गया है जो कि चयनित अभ्यार्थियों से ही लिया जायेगा।
चयनित अभ्यर्थियों को एसआईएस ट्रेनिंग एकेडमी, देहरादून में एक माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक अभ्यर्थी से ₹10,900 प्रशिक्षण शुल्क लिया जाएगा, जिसमें भोजन, आवास एवं वर्दी आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात सुरक्षा जवानों को रुपये 15,000 से 30,000 प्रतिमाह वेतन दिए जाने की जानकारी दी गई है।
उन्होंने बताया कि विकास खण्ड स्तर पर आयोजित शिवरों के तहत 17 व 18 अगस्त 2026 को खण्ड विकास कार्यालय जौनपुर, 19 व 20 अगस्त को थौलधार, 21 व 22 अगस्त को प्रतापनगर, 24 व 25 अगस्त को भिलंगना, 26 व 27 अगस्त को कीर्तिनगर, 29 व 30 अगस्त को देवप्रयाग, 31 अगस्त तथा 1 सितम्बर 2026 को जाखणीधार, 2 व 3 सितम्बर को चम्बा तथा 5 से 7 सितम्बर 2026 को नरेंद्रनगर में प्रातः 11 से अपराह्न 3 बजे तक खण्ड विकास कार्यालयों में
आयोजित किये जायेंगे ।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने सभी संबंधित विकासखण्ड कार्यालयों से भर्ती शिविरों के दौरान आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की अपेक्षा की है। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7905086105 पर संपर्क कर सकते हैं ।
आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026
*SVEEP के तहत चुनावी जागरूकता कार्यशाला आयोजित*
विधानसभा क्षेत्र 14-धनोल्टी के तहसील नैनबाग अंतर्गत भाग संख्या-39, राजकीय इंटर कॉलेज गरखेत में SVEEP (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) के तहत चुनावी जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में स्वीप प्रभारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा BLO द्वारागढ़ एवं BLO कुदाऊ ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका तथा एक जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता के कर्तव्यों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मतदाता जागरूकता और लोकतंत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार भी साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में ELC (Electoral Literacy Club) का गठन किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता अधिकारों एवं लोकतांत्रिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों से निरंतर जोड़ा जाएगा।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उनके माध्यम से जागरूक, जिम्मेदार एवं सशक्त लोकतंत्र की भावना को समाज तक पहुंचाना रहा।
आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026
*स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में डीएम ने चलाया वृहद स्वच्छता अभियान, स्वयं श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश*
स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं दिव्य रूप से आयोजित किए जाने के साथ-साथ सरकारी कार्यालयों एवं उनके परिसरों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार प्रातः 8 बजे से वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी ने स्वयं स्वच्छता अभियान में जुटकर श्रमदान किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी, जागरुकता एवं सजगता का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग, पूर्ति विभाग, श्रम विभाग, सिंचाई विभाग, उत्तराखंड वन विकास निगम, वन विभाग, दुग्ध विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्यालयों, कार्यालय परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान लंबे समय से उगी झाड़ियों की कटाई के साथ ही कार्यालय परिसरों में जमा कूड़ा-कचरा, अनुपयोगी सामग्री तथा अन्य अपशिष्ट को हटाया गया। अभियान के दौरान करीब तीन ट्रक कूड़ा-कचरा एकत्रित किया गया जिसे डम्पिंग जोन भिजवाया गया ।
जिलाधिकारी ने स्वच्छता अभियान का स्थलीय निरीक्षण करते हुए विभिन्न कार्यालय परिसरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वन विभाग एवं स्वास्थ्य कार्यालय परिसर तथा सड़क किनारे जमा मिट्टी-पत्थर के ढेर को तत्काल हटाने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की गंदगी अथवा अनावश्यक सामग्री जमा नहीं होनी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के बाहर बंद पड़ी कैंटीन का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने अंदर बाहर मरम्मत कार्य कराने के निर्देश लोनिवि को दिए, ताकि विभागीय उपयोग में लाया जा सके। सिंचाई विभाग के कार्यालय सहित संयुक्त कार्यालयों के भवन की टपकती छत एवं भवन की मरम्मत संबंधी आवश्यक कार्यों के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही शीघ्र करने के निर्देश सम्बधितों को दिए ।
स्वच्छता अभियान के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने सभी कार्मिकों से अपने-अपने कार्यालय, कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की गंदगी न फैलाने का आह्वान किया।
अभियान के उपरांत जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत कार्मिकों की उपस्थिति भी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय परिसरों की स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे नियमित व्यवस्था का हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ कार्यालय परिसर से न केवल कार्य वातावरण बेहतर होता है, बल्कि आमजन के बीच भी सकारात्मक संदेश जाता है।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी, अधिशासी अभियंता सिंचाई विजय पाल, अधिशासी अधिकारी वासुदेव डंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026
*अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित*
राजकीय महाविद्यालय खाड़ी, टिहरी गढ़वाल में रेड क्रॉस समिति एवं इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्व युवा दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का हाइब्रिड मोड पर आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “युवा शक्ति, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व” रहा।
कार्यक्रम का शुभारम्भ सरस्वती वंदना एवं अतिथि परिचय के साथ हुआ। वेबिनार में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. योगाम्बर सिंह फर्सवाण, पर्यावरणीय पुरातत्व विशेषज्ञ, हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर गढ़वाल ने युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका तथा सांस्कृतिक विरासत संरक्षण पर व्याख्यान दिया।
विशिष्ट वक्ता राहुल डबराल, राज्य निदेशक, मेरा भारत, उत्तराखंड ने युवाओं को सामाजिक जागरूकता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित किया। ओंकार बहुगुणा, अध्यक्ष, उत्तराखंड रेड क्रॉस सोसाइटी, देहरादून ने मानव सेवा, आपदा प्रबंधन एवं रेड क्रॉस की गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी पर प्रकाश डाला। प्रो. जानकी पंवार, सेवानिवृत्त प्राचार्य, डॉ. पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार ने नैतिक मूल्यों, शिक्षा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. ईरा सिंह, सहायक प्राध्यापक, इतिहास विभाग एवं संयोजक रेड क्रॉस समिति ने अतिथियों, प्रतिभागियों एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाजोपयोगी कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि युवा जागरूकता, सामाजिक संवेदनशीलता एवं राष्ट्रीय चरित्र निर्माण वर्तमान समय की आवश्यकता है।
वेबिनार में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। अंत में डॉ अजीत सिंह विभाग अध्यक्ष राजनीति विज्ञान द्वारा सभी उपस्थित अध्यापक गणों व शिक्षक उत्तर कर्मचारी छात्र-छात्राओं को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यशाला का समापन किया। इस अवसर पर निबंध व पोस्ट प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। जिसमें विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया।
आगे पढ़ें
*प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने वीसी के माध्यम से जनपद में आपदा की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की ली जानकारी*
/टिहरी/12 अगस्त, 2026*
कैबिनेट मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद में मानसून सीजन के दृष्टिगत आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने प्रभारी मंत्री को जनपद में आपदा से हुई क्षति, प्रभावित परिसंपत्तियों तथा स्वीकृत एवं गतिमान कार्यों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि मानसून के दौरान जनपद में 3 भवन पूर्ण रूप से तथा 136 आवास आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा 26 पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हुई थीं, जिनमें से अधिकांश को सुचारू कर दिया गया है। उन्होंने सड़क, पेयजल, विद्युत, संचार व्यवस्था, जनहानि, पशुहानि सहित आपदा से प्रभावित अन्य परिसंपत्तियों एवं संचालित राहत कार्यों की भी जानकारी दी।
प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने जनपद में नदी तटबंधों की स्थिति, बाढ़ नियंत्रण एवं सुरक्षा कार्य, सड़क मार्गों की स्थिति, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, संचार व्यवस्था, जनहानि-पशुहानि, एंबुलेंस की उपलब्धता, हेलीपैड, राशन वितरण तथा चारधाम एवं कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 7 बाढ़ चौकियां सक्रिय हैं तथा 39 हेलीपैड उपलब्ध हैं। मानसून के दृष्टिगत राफ्टिंग गतिविधियां तीन माह के लिए बंद हैं, जिन्हें सितंबर माह से पुनः शुरू किया जाएगा। दूरस्थ क्षेत्रों में खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तीन माह का राशन डीलरों तक पहुंचाकर वितरित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना एवं समन्वय के लिए आईसीआरएस सक्रिय है। पशु चिकित्सकों की टीमें गत वर्ष की भांति घर-घर जाकर पशुओं के स्वास्थ्य की जांच कर रही हैं। जनपद में 32 एंबुलेंस उपलब्ध हैं तथा 108 सेवा की 22 एंबुलेंस/वाहन सक्रिय अवस्था में हैं।
नगर निकायों में नालियों की सफाई की स्थिति की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। नालियों की सूची उपलब्ध है और कितनी नालियों की सफाई की गई है, इसका सत्यापन किया जा रहा है। चारधाम यात्रा मार्ग पर उपलब्ध शौचालयों की संख्या तथा उनकी सफाई व्यवस्था की भी लगातार निगरानी की जा रही है और प्रत्येक सप्ताह फोटोग्राफ मंगाकर स्थिति की समीक्षा की जाती है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से जनपद में कोई भी राष्ट्रीय राजमार्ग बंद नहीं हुआ है। कहीं मार्ग थोड़े समय के लिए बाधित होता है तो संबंधित विभागों द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए यातायात सुचारू कराया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून सीजन में सड़क, पेयजल, विद्युत एवं संचार जैसी आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के साथ ही आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने, पर्याप्त मशीनरी एवं मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रभावित परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
वीसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, अधीक्षण अभियंता लोनिवि के. एस. नेगी, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई ब्रिजेश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026
*मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के चयन ट्रायल शुरू*
मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत जनपद स्तरीय चयन ट्रायल कल से बौराड़ी स्टेडियम, नई टिहरी में प्रारंभ हो गए हैं। चयन ट्रायल में जनपद के विभिन्न विकासखंडों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों से चयनित प्रतिभावान बालक-बालिकाएं प्रतिभाग कर रहे हैं।
आयोजित चयन ट्रायल में 8 से 9 वर्ष तथा 9 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। इन आयु वर्गों में विभिन्न विकासखंडों एवं नगरीय क्षेत्रों से चयनित कुल 245 खिलाड़ियों ने चयन प्रक्रिया में भाग लिया।
जिला खेल कार्यालय टिहरी गढ़वाल के अनुसार, चयन ट्रायल के अगले चरण में 11 से 12 वर्ष तथा 12 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
योजना का उद्देश्य जनपद के बाल एवं युवा खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को पहचान कर उन्हें उचित अवसर एवं प्रोत्साहन प्रदान करना है, ताकि वे खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026
*डीएम टिहरी ने राफ्टिंग प्रबंधन समिति की बैठक ली*
आगामी राफ्टिंग सीजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर आज जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं राफ्टिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में आगामी राफ्टिंग सीजन के दृष्टिगत राफ्टिंग संचालन से संबंधित नियमों एवं विनियमों के साथ-साथ पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा एवं राफ्टिंग स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोवत सिंह राणा द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में जनपद में 265 राफ्टिंग फर्म पंजीकृत हैं तथा कुल 576 राफ्ट उपलब्ध हैं।
बैठक में राफ्टिंग के पुट-इन एवं पुल-आउट प्वाइंट्स—कुड़ियाला, मरीन ड्राइव, शिवपुरी, ब्रह्मपुरी आदि स्थानों पर क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों की मरम्मत, शौचालय, चेंजिंग रूम, पार्किंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास एवं रख-रखाव पर चर्चा की गई। पर्यटकों की सुविधा के लिए इन स्थानों पर स्वच्छता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
इसके साथ ही गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की आय में वृद्धि के लिए प्रति पर्यटक लिए जाने वाले सुविधा शुल्क एवं वन विभाग द्वारा गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति से लिए जाने वाले पर्यटक शुल्क के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही राफ्टिंग फर्मों के संचालन एवं नवीनीकरण से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। समिति के सदस्यों एवं राफ्टिंग ऑपरेटरों द्वारा अपने-अपने सुझाव एवं विचार रखे गए।
जिलाधिकारी ने सभी राफ्टिंग संचालकों से आपसी एकजुटता एवं समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राफ्टिंग ऑपरेटरों के बीच यदि किसी प्रकार के मतभेद हैं, तो आपसी संवाद के माध्यम से उनका समाधान किया जाए। साथ ही राफ्टिंग के लिए उचित एवं निर्धारित दरों को लेकर आपसी सहमति बनाए जाने पर जोर दिया, ताकि आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें बेहतर अनुभव मिल सके।
बैठक में एडवेंचर स्पोर्ट्स ऑफिसर सीमा नौटियाल, वाटर स्पोर्ट्स एक्सपर्ट यूटीडीबी से भूपेंद्र सिंह, समिति के सदस्य धर्मेंद्र नेगी, जयेंद्र बिष्ट, हिमालयन रिवर एक्सपीडिशन से विक्रम सिंह, रॉयल राफ्टिंग से रमेश, रिवर्स एक्सपीडिशन से बिपेंद्र, नेचर रैपिड एक्सपीडिशन से मनोज, रेड चिली से बिपिन, एक्सप्लोर हिमालयन एडवेंचर्स से मोहन सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं राफ्टिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
आगे पढ़ें
*पुत्री विवाह आर्थिक सहायता योजना के आवेदन हेतु श्रमिक 06 सितम्बर तक कर सकते हैं आवेदन*
श्रम विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि श्रम प्रवर्तन अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित श्रम सुविधा केन्द्र में सहायक श्रम आयुक्त ऋषिकेश के निर्देशानुसार श्रमिकों को मात्र आर्थिक सहायता से संबंधित कार्य किए जाएंगे।
श्रम विभाग द्वारा अवगत कराया गया है कि जिन श्रमिकों द्वारा दिनांक 22 अप्रैल 2026 से 31 मई 2026 तक पुत्री विवाह आर्थिक सहायता हेतु आवेदन नहीं किया गया है तथा इस अवधि के दौरान जिन श्रमिकों की पुत्री के विवाह को एक वर्ष की अवधि पूर्ण होने की स्थिति है, वे सभी श्रमिक अब 06 सितम्बर 2026 तक पुत्री विवाह आर्थिक सहायता हेतु आवेदन कर सकते हैं।
श्रमिकों का पंजीकरण/नवीनीकरण चयनित सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) के माध्यम से किया जाएगा। जनपद टिहरी गढ़वाल के प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर ऑनलाइन श्रमिक पंजीकरण/नवीनीकरण हेतु सीएससी आईडी जारी की गई है।
यदि किसी श्रमिक का पंजीकरण/नवीनीकरण चयनित सीएससी केन्द्र द्वारा नहीं किया जा रहा है, तो संबंधित श्रमिक अपनी शिकायत लिखित रूप में श्रम कार्यालय, टिहरी में दर्ज करा सकते हैं।
श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों से अपील की गई है कि पात्र श्रमिक निर्धारित समयसीमा के भीतर योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु अपना आवेदन अवश्य करें।
आगे पढ़ें
हर घर तिरंगा अभियान के तहत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून, भारत सरकार द्वारा 13 अगस्त 2026 को जनपद टिहरी गढ़वाल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल द्वारा प्रातः 10 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय, नई टिहरी से प्रचार वाहन को फ्लैग ऑफ किया जाएगा।
इसके उपरांत प्रातः 11:30 बजे सूचना कार्यालय, नई टिहरी में ‘हर घर तिरंगा प्रदर्शनी’ के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी।
सभी सम्मानित मीडिया प्रतिनिधियों से अनुरोध है कि उक्त कार्यक्रम में उपस्थित होकर कार्यक्रम की कवरेज करने का कष्ट करें।
कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के लिए श्री एन.एस. नयाल, मोबाइल नंबर 9456277696 पर संपर्क किया जा सकता है।
आगे पढ़ें










