भ्रष्टाचार पर प्रहार करते हुए सीएम धामी ने किया पूर्व नगर आयुक्त बर्खास्त जानिए सभी समाचार

Spread the love
 भ्रष्टाचार पर प्रहार करते हुए सीएम धामी ने किया पूर्व नगर आयुक्त बर्खास्त
देहरादून। हरिद्वार भूमि खरीद घोटाले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व नगर आयुक्त वरूण चौधरी को बर्खास्त कर तत्कालीन जिलाधिकारी पर मेजर पनिशमेंट की संस्तुति कर दी।
शुक्रवार को यहां भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार नगर निगम भूमि खरीद प्रकरण में बड़ी और कड़ी कार्रवाई की है। प्रकरण में तत्कालीन नगर आयुक्त हरिद्वार नगर निगम वरुण चौधरी को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर की संस्तुति की गई है। वहीं, तत्कालीन जिलाधिकारी हरिद्वार कर्मेंद्र सिंह को अपने पदीय दायित्वों एवं कर्तव्यों के समुचित निर्वहन में गंभीर लापरवाही का दोषी मानते हुए उनके विरुद्ध दीर्घ शास्ति (मेजर पनिशमेंट) अधिरोपित करने का निर्णय लिया गया है। दोनों अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग को संस्तुति भेजी जा रही है। इसके अलावा, उस समय कार्यरत एसडीएम अजयवीर सिंह के विरुद्ध परनिंदा प्रविष्टि दर्ज करने तथा उनकी तीन वेतनवृद्धियां रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं। गौरतलब है कि हरिद्वार नगर निगम भूमि खरीद मामले के सामने आते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया था। प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं के संकेत मिलने पर तत्कालीन जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह और पूर्व नगर आयुक्त वरुण चौधरी सहित कई अधिकारियों को निलंबित किया गया था। इसके बाद विशेष जांच और ऑडिट के माध्यम से पूरे प्रकरण की गहन पड़ताल कराई गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि शासनकृप्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित सर्वाेपरि है तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी। धामी सरकार की इस कार्रवाई को राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है, जिसने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनधन के दुरुपयोग और पद के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आगे पढ़ेंअभी भी खल रही है कांग्रेस के प्रदेश संगठन में पदाधिकारियों की कमी
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव सर पर हैं। ऐसे में कांग्रेस भाजपा सरकार पर पूरी तरह से हमलावर है। कांग्रेस पार्टी ने  प्रदेश अध्यक्ष के रूप में गणेश गोदियाल को कमान तो सौंप दी, लेकिन चुनाव की दहलीज पर खड़ी कांग्रेस के पास अभी तक पूरी प्रदेश कार्यकारिणी ही नहीं है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद गणेश गोदियाल लगातार सक्रिय हैं। दिल्ली से लेकर देहरादून तक बैठकों का दौर जारी है। कार्यकर्ताओं से संवाद भी हो रहा है और सरकार पर हमले भी तेज हैं। लेकिन प्रदेश संगठन का ढांचा अभी भी अधूरा है। प्रदेश उपाध्यक्ष कौन होंगे, महामंत्री कौन होंगे, जिलों की जिम्मेदारी किसे मिलेगी, चुनावी अभियान कौन संभालेगा, मीडिया प्रबंधन कौन करेगा और बूथ स्तर पर संगठन को कौन सक्रिय करेगाकृइन सभी सवालों के जवाब अभी मिलने बाकी हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि चुनावी वर्ष में संगठन जितना जल्दी खड़ा होता है, उतना ही मजबूत संदेश कार्यकर्ताओं तक जाता है। कांग्रेस में फिलहाल यही संदेश सबसे कमजोर दिखाई दे रहा है।
भाजपा ने 2027 के चुनाव को लेकर महीनों पहले तैयारी शुरू कर दी है। प्रत्येक जिले में संगठनात्मक बैठकें, शक्ति केंद्रों की समीक्षा, बूथ समितियों का गठन, पन्ना प्रमुखों की सक्रियता और लाभार्थी संपर्क अभियान लगातार चल रहे हैं। इसके विपरीत कांग्रेस के भीतर अभी भी संगठन विस्तार का इंतजार है। राजनीतिक गलियारों में चुटकी ली जा रही है कि भाजपा चुनाव लड़ रही है और कांग्रेस अभी टीम बना रही है। उत्तराखंड विधानसभा की 70 सीटों पर जीत के लिए केवल मुद्दे काफी नहीं होते। चुनाव जीतने के लिए बूथ एजेंट, सेक्टर प्रभारी, जिला प्रभारी, सोशल मीडिया टीम, मीडिया सेल, युवा और महिला संगठन, प्रशिक्षण टीम और संसाधनों का मजबूत नेटवर्क चाहिए। यही नेटवर्क चुनाव के दिन वोट को बूथ तक पहुंचाता है।
कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि यदि प्रदेश संगठन का गठन जल्द नहीं हुआ तो चुनावी तैयारियों में देरी का सीधा असर जमीनी स्तर पर दिखाई दे सकता है। उत्तराखंड की राजनीति में संगठन हमेशा निर्णायक रहा है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 47 सीटें’जीतकर लगातार दूसरी बार सरकार बनाई, जबकि कांग्रेस 19 सीटों पर सिमट गई। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा की संगठनात्मक मजबूती उसकी बड़ी ताकत रही, जबकि कांग्रेस कई स्थानों पर स्थानीय स्तर पर कमजोर दिखाई दी। अब यदि कांग्रेस सत्ता में वापसी का सपना देख रही है तो उसे केवल सरकार के खिलाफ माहौल बनाने से ज्यादा, अपने संगठन को धार देनी होगी।
कांग्रेस लगातार बेरोजगारी, पेपर लीक, महंगाई, पलायन, स्वास्थ्य सेवाओं और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे उठा रही है। लेकिन राजनीति का पुराना नियम है कि मुद्दे टीवी स्टूडियो में नहीं, बूथ पर जीत दिलाते हैं। जब तक हर विधानसभा, हर ब्लाक और हर बूथ पर पार्टी का मजबूत ढांचा नहीं होगा, तब तक सरकार विरोधी मुद्दों का पूरा राजनीतिक लाभ मिलना आसान नहीं होगा। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान कब होगा? क्योंकि संगठन बनने के बाद ही चुनावी जिम्मेदारियां तय होंगी और टिकट के दावेदार भी अपनी रणनीति स्पष्ट कर पाएंगे।
उत्तराखंड की राजनीति में इन दिनों एक तंज खूब सुनाई दे रहा है कि भाजपा के पास पूरी बारात तैयार है, कांग्रेस अभी घोड़ी सजाने में लगी है। इसके साथ ही प्रदेश अध्यक्ष मैदान में हैं, लेकिन चुनावी टीम की जर्सी अभी सिल रही है। 2027 का विधानसभा चुनाव केवल चेहरे का नहीं, बल्कि संगठन की ताकत का चुनाव होगा। भाजपा ने अपनी चुनावी मशीनरी को काफी हद तक सक्रिय कर दिया है, जबकि कांग्रेस की असली परीक्षा अभी अपने घर को व्यवस्थित करने की है।
आगे पढ़ें

मुख्यमंत्री ने की रेलवे बोर्ड के प्रतिनिधि मंडल से भेंट


देहरादून। पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की।
शुक्रवार को यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस अवसर पर राज्य में रेलवे अवसंरचना के विस्तार, गतिमान रेल परियोजनाओं तथा भविष्य की रेलवे आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में रेलवे कनेक्टिविटी का सुदृढ़ीकरण राज्य के समग्र विकास, पर्यटन, तीर्थाटन, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने ऋषिकेशकृकर्णप्रयाग रेल परियोजना को राज्य की महत्वाकांक्षी एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए इसके कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना चारधाम यात्रा विशेषकर श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आवागमन को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं आधुनिक बनाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में तीर्थाटन एवं पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल मंडल में देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश एवं रुड़की तथा कुमाऊँ मंडल में हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर एवं टनकपुर रेलवे स्टेशन प्रदेश के प्रमुख प्रवेश द्वार हैं। इन स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और आधुनिक व्यवस्थाओं का विस्तार पर उन्होंने बल दिया। मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ एवं कांवड़ मेले के दृष्टिगत हरिद्वार, ऋषिकेश एवं रुड़की रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए विशेष सुविधाएं विकसित करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सकता है। रेलवे बोर्ड के चौयरमैन श्री सतीश कुमार कुमार ने कहा कि बैठक में जिन बिंदुओं पर चर्चा हुई है, उन पर पूरी गंभीरता से कार्य किये जाएंगे। इस अवसर पर सचिव बृजेश कुमार संत और अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी भी उपस्थित थे।फोटो डी 8
गैरसैंड इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुई कार,चार घायल
चमोली । शुक्रवार को जनपद के गैरसैंण इलाके में एक कार दाड़मडाली-पंचाली मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिससे कार में सवार 6 लोगों में से 4 लोगों को चोटें आई हैं। जिनमें से गंभीर रूप से घायल दंपति को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार कार सवार सभी लोग ऐखोला गांव में एक पूजा में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान गैरसैंण नगर से 9 किलोमीटर दूर नौगांव के पास पचांली मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर नीचे दूसरी सड़क पर आ गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही नजदीकी गांवों के ग्रामीणों ने 108 एंबुलसेंस सेवा समेत गैरसैंण कोतवाली में जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर पंहुचे दो एंबुलेंस वाहनों के माध्यम से घायलों को अस्पताल पंहुचाया गया। जहां घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने सिर और पेट की चोटों से गंभीर रूप से घायल दंपति को रेफर कर दिया।  घायल दंपति भरत राम पुत्र भवानु राम (उम्र 42 वर्ष) और चांदनी (उम्र 40 वर्ष) को हायर सेंटर श्रीनगर रेफर कर दिया गया है। जबकि, अन्य दो घायलों में शामिल पुष्पा देवी पत्नी संतोष कुमार (उम्र 38 वर्ष) निवासी फरकंडे और राधा देवी पत्नी भरत राम (उम्र 30 वर्ष) निवासी पंचाली का गैरसैंण अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं, हादसे में में चालक सचिन वर्मा पुत्र बलवीर लाल (उम्र 22 वर्ष) निवासी मटखडेरा मुसों और दिंगबर पुत्र संतोष कुमार (उम्र 6 वर्ष) सुरक्षित है। इस हादसे के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए गए है। पंचाली के क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र लाल ने क्रैश बैरियर लगाने की मांग की है।

फोटो डी 5
कार के खाई में गिरते ही लगी आग,दो की मौत,तीन की हालत गंभीर
चंपावत। जिले में लोहाघाट से आगे बापरू के पास  एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। खाई में गिरने के बाद कार में आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों के शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्यवाही के लिए भेजा गया है। जबकि घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ निवासी परिवार शुक्रवार को हल्द्वानी से नई टाटा पंच गाड़ी खरीदकर घर लौट रहा था। दोपहर के करीब 12 बजे लोहाघाट क्षेत्र के बापरु मरोड़ा खान, ग्राम सभा बंतोली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक वाहन असंतुलित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा।
वाहन में सवार 34 वर्षीय नीतू देवी, उनकी आठ वर्षीय पुत्री अक्षिता और पांच वर्षीय पुत्र आरव गाड़ी से छिटककर बाहर गिर गए, जबकि बनकोड़ी कनालछीना निवासी 36 वर्षीय बलदेव कुमार पिता लछीराम और ग्राम अजेड़ा चर्मा थाना डीडीहाट जिला पिथौरागढ़ निवासी 48 वर्षीय राजेंद्र कुमार वाहन चला रहे थे।दोनों ही कार में फंस गए बताया जा रहा है कि काफी ऊंचाई से कार गिरते ही उसमें शाट सर्किट से भीषण आग लग गई। जिसमें बलदेव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। चालक राजेंद्र कुमार को सिर पर गंभीर चोट आई थी,दोनों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
वहीं घायल नीतू और उनके दोनों बच्चों को स्थानीय लोगों और लोहाघाट पुलिस की मदद से 108 एंबुलेंस से उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इधर लोहाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों के स्वजन को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

सहकर्मियों की शरारत का शिकार हुए फैक्ट्री कर्मी की मौत दो गिरफ्तार
काशीपुर। नोएडा के रबूपुरा में सहकर्मियों की शरारत का शिकार हुए एक फैक्ट्री कर्मी समीर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपियों ने एयरप्रेशर  से फैक्ट्री कर्मी के पेट में हवा भर दी। आंत फटने से इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।  पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। शव को यहां कुंडा लाकर दफन किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपी सहकर्मी काशीपुर निवासी दिलशाद और जीशान को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार यमुना सिटी के रबूपुरा में सेक्टर-29 में स्थित सूर्या ग्लोबल फ्लेक्सी फिल्म कंपनी में 16 जून की सुबह तीन सफाई कर्मचारी अपना काम कर रहे थे। तीनों काशीपुर के रहने वाले थे। घटनाक्रम के अनुसार कंपनी में झाड़ू लगा रहा था। वहीं दूसरा सहकर्मी दिलशाद एयर प्रेशर से हवा डाल रहा था। जीशान भी वहीं मौके पर मौजूद था। इसी दौरान दिलशाद को शरारत सूझी और उसने समीर के गुदा द्वार पर प्रेशर पाइप लगाकर हवा भरनी शुरू कर दी। देखते ही देखते समीर चीखने लगा और उसके गुप्तांग से खून बहने लगा। खून बहते देख दोनों घबरा गए और तत्काल सुपरवाइजर को जानकारी दी। समीर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। एयर प्रेशर के कारण समीर की आंत फट गई थी, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक समीर चार बहनों का अकेला भाई था। समीर की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने बताया कि अपनी बहनों की शादी के लिए वह घर से कमाने निकला था और अपनी कमाई से बहनों की शादी करना चाहता था। उधर दोनों आरोपियों के खिलाफ कंपनी के मैनेजर धर्मेंद्र सिंह की शिकायत के आधार पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

फोटो डी 4
देशी तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ एक गिरफ्तार
देहरादून। जिले के विकासनगर क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत युवक को अवैध हथियार (देशी तमंचा) और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी इस हथियार को केवल अपना रुतबा जमाने और दोस्तों पर रौब झाड़ने के लिए अपने पास रखता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि उन्हें मुखबिर और अभियान के दिशा-निर्देशों के तहत सूचना मिली थी कि संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जाए। इसी क्रम में 18 जून की रात  पुलिस टीम ने कुल्हाल विद्युत गृह के पास तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान वहां से गुजर रही एक अल्टो कार को रोककर जब तलाशी ली गई, तो गाड़ी के भीतर एक अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
वाहन चालक से जब हथियार रखने के वैध लाइसेंस के बारे में पूछा गया, तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। वैध कागजात न होने के कारण पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवक की पहचान मोनिश (19 वर्ष), पुत्र जब्बार अली, निवासी वार्ड नंबर-04, कुंजा मद्रालियो, थाना पुरुवाला, जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।

फोटो डी 6
युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
हरिद्वार। झिवरहेड़ी गांव निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपने साझेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार झिवरहेड़ी गांव निवासी राहुल पुत्र मांगे राम पिछले लगभग 15 वर्षों से अपनी पत्नी के साथ उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के गागलहेड़ी क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। बताया जा है कि राहुल ने अपने साथी दीपक के साथ मिलकर एक प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि प्लॉट की रजिस्ट्री दीपक के नाम कराई गई थी, जबकि प्लॉट खरीदने में अधिकांश धनराशि राहुल ने लगाई थी। मृतक द्वारा बनाए गए कथित वीडियो में दावा किया गया है कि प्लॉट खरीदने के लिए पूरा पैसा उसी ने दिया था, जबकि उसके साझेदार ने केवल 50 हजार रुपये का योगदान किया था। राहुल लंबे समय से अपने हिस्से की रकम वापस मांग रहा था, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बीते बुधवार को भी पैसों के लेनकृदेन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।
वायरल वीडियो में राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि उसे चाय में जहर दिया गया। इसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए हरिद्वार ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजन शव को लेकर झिवरहेड़ी स्थित अपने घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बताया गया है कि राहुल की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और उसकी दो वर्ष की एक बेटी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र नेगी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की सत्यता और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।

फोटो डी 2
उत्तराखंड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है: धामी
मुख्यमंत्री ने 12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित रन फॉर योगा कार्यक्रम में किया प्रतिभाग
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन, देहरादून में 12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित रन फॉर योगा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया । मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और योग को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त अभियान है। यह कार्यक्रम योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है। यहां की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा और प्राकृतिक वातावरण मानवता को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवन का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के मध्य सामंजस्य स्थापित करने वाली वैज्ञानिक एवं जीवनोपयोगी पद्धति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में उनके प्रस्ताव के उपरांत 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता प्राप्त हुई और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अवसाद और विभिन्न स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग एवं व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ, ऊर्जावान और अनुशासित युवा ही राज्य एवं देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नई योग नीति के माध्यम से योग एवं ध्यान केंद्रों को प्रोत्साहन, योग प्रशिक्षकों को सहयोग तथा योग एवं वेलनेस आधारित रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग को अपनाने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने, नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने तथा योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के युवा योग को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा स्वस्थ, समृद्ध और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनेंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक विनोद चमोली, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, सचिव आयुष श्रीमती रंजना राजगुरु, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोभाल मौजूद थे।

फोटो डी 3
अनियंत्रित होकर खाई में गिरा वाहन, तीन घायल,महिला की स्थिति चिंताजनक
रुद्रप्रयाग। शुक्रवार सुबह विकासखंड जखोली क्षेत्र में बजीरा-जखोली मोटर मार्ग पर एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के खाई में गिरते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में वाहन सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह 10.19 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने बिना समय गंवाए डीडीआरएफ की रेस्क्यू टीम, तहसील जखोली के अधिकारियों, पुलिस बल व 108 एम्बुलेंस सेवा को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया। दुर्घटना स्थल की भौगोलिक परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं, क्योंकि वाहन गहरी खाई में जा गिरा था। इसके बावजूद राहत व बचाव दल ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की पहचान राजीव कुमार (46 वर्ष) पुत्र मोहन लाल निवासी ललूड़ी जखोली (वाहन चालक), गजेन्द्र (40 वर्ष) पुत्र विक्रम सिंह निवासी काण्डई मयाली और छुम्मा देवी (55 वर्ष) पत्नी धनी राम निवासी ऐकलिंग बुढना के रूप में हुई है। इनमें छुम्मा देवी को गंभीर चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन अचानक बेकाबू होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में प्रशासन का सहयोग किया। ग्रामीणों की तत्परता और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका, जिससे संभावित बड़ी जनहानि टल गई। फिलहाल पुलिस और प्रशासन दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हुए है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी एवं अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

किशोरी से दुष्कर्मः दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने वाले चार नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
देहरादून। बीते रोज नगर कोतवाली क्षेत्र के लख्खी बाग के झंडा बाजार में एक किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। आरोपी जिस दुकान में काम करता था वहां हिंदू संगठनों ने जमकर तोड़फोड़ की थी। इस मामले में हिंदू संगठन से जुडें कुछ लोगों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
दुकान में तोड़फोड़ मामले में दुकान के मालिक की तरफ से थाने में तहरीर दी गई। तहरीर में आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने दुकान में घुसकर धार्मिक टिप्पणियां करते हुए उस पर लाठी-डंडों और कड़े से हमला किया। हमले में दुकान का डीवीआर और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जिस पर पुलिस ने चार नामजद और 20 से 25 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस द्वारा नाबालिग पीड़िता के मेडिकल की प्रक्रिया चल रही है और जल्द रिपोर्ट आ जाएगी।
कोतवाली देहरादून में दर्ज एफआईआर के अनुसार झंडा बाजार स्थित बैंगल्स संचालक (विशेष समुदाय) ने शिकायत दी कि 18 जून की शाम करीब छह बजे वह अपनी दुकान पर काम में व्यस्त थे। इसी दौरान ललित सिंह, अमन स्वेडिया, सिधांत बड़ोनी और रोहित मौर्य अपने 20 से 25 साथियों के साथ दुकान में घुस आए। आरोपियों ने उनके धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की और देखते ही देखते हमला शुरू कर दिया।
साथ ही दुकान मालिक ने तहरीर में पुलिस को बताया कि उनकी दुकान में घुसकर आरोपियों ने लाठी-डंडों और कड़े से हमला किया और ऐसा लग रहा था कि हमलावरों की मंशा उनकी हत्या करने की थी। हमले के दौरान दुकान में अफरातफरी मच गई और उसने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर और अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे कारोबारी को आर्थिक नुकसान भी हुआ। नगर कोतवाली प्रभारी हरिओम चौहान ने बताया है कि मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच उपनिरीक्षक रवि प्रसाद कवी को सौंपी है। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि बीते रोज देहरादून के लक्खी बाग में एक किशोरी (14 साल) से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद भारी विवाद हो गया था। मामले में आरोप है कि किराए पर रहने वाली एक परिवार की नाबालिग बच्ची के साथ उसी के मकान मालिक के भांजे ने शौचालय में ले जाकर रेप करने का आरोप है। जिसके बाद हिंदू संगठनों ने हंगामा शुरू कर दिया था और आरोपी जिस दुकान में काम करता था वहां जमकर तोड़फोड़ की थी।

फोटो डी 1
पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से बदमाश घायल,दुसरा फरार,तलाश जारी
हरिद्वार। देर रात रुड़की स्थित बुग्गावाला थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस की गिरफ्त में आए घायल बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।  फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कांबिंग लगातार जारी है।
पुलिस के अनुसार देर रात थानाध्यक्ष बुग्गावाला पुलिस टीम के साथ यूपी बॉर्डर से थाना क्षेत्र के बंजारावाला की ओर  गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम बंजारावाला की तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस कर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। जबकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा बीती 9 जून को अमानतगढ़ फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल भी मौके पर पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।