मिली जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं सुबह घास लेने के लिए जा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। दोनों गंभीर घायल महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया किन्तु डाक्टर ने उन्हे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद कार चालक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक महिलाओं की पहचान कमला देवी 55 वर्ष पत्नी शिवराज सिंह निवासी पत्तापनी बैलपड़ाव और पुष्पा देवी 55 वर्ष पत्नी केवलानंद भट्ट निवासी पत्तापनी बैलपड़ाव के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार कमला देवी के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है, जबकि पुष्पा देवी की चार बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शी स्थानीय दयाल सिंह पन्नू ने बताया कि कार गलत दिशा से आ रही थी, जिसने सीधे महिलाओं को टक्कर मारी दी। उन्होंने कहा कि हादसा बेहद दर्दनाक था और दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संयुक्त चिकित्सालय के डॉक्टर हर्ष ने बताया कि दोनों महिलाएं ब्रॉडेड हालत में यहां पर लाई गई थी। वहीं पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

देहरादून। पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव में बीजेपी के पक्ष में रुझान आने के बाद कांग्रेस ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बंगाल के चुनाव नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बदलाव प्रकृति का शाश्वत नियम है। यही बदलाव आगामी चुनाव में उत्तराखंड में होने जा रहा है। उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि बदलाव लोकतंत्र से परे नहीं है, इसलिए निश्चित रूप से लोकतंत्र में बदलाव होना है और यही हुआ भी है। उन्होंने कहा कि सुदूर दक्षिण के केरल में 10 साल के शासन में एक नया शासन आ सकता है, तो फिर हमारे उत्तर भारत के महत्वपूर्ण राज्य उत्तराखंड में भी इसी आस के साथ परिणाम को देख रहा हूं।
उन्होंने कहा कि बंगाल में जो स्थिति थी, उसके अनुसार कांग्रेस पार्टी ने कभी वहां पर सरकार बनाने की बात नहीं की. हालांकि कांग्रेस पार्टी को असम के नतीजे पर गौर करने की जरूरत है, लेकिन बंगाल के बारे में हमने कुछ कहा ही नहीं है। गोदियाल ने कहा कि इसलिए बंगाल चुनाव पर वो कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहते हैं।
गणेश गोदियाल ने कहा कि वो समग्र रूप से अपवाद रूप में असम को छोड़कर बाकी के चार राज्यों से आए चुनावी नतीजों से इस बात से संतुष्ट हैं कि बदलाव प्रकृति का नियम है और यदि सुदूरवर्ती केरल में बदलाव की बयार बह सकती है तो फिर हमारे इस महत्वपूर्ण राज्य उत्तराखंड में भी बदलाव होने जा रहा है।
आगे पढ़ें
पर्यटकों का वाहन खाई में गिरा,एक की मौत,दो गंभीर

नैनीताल। जिले के पाइंस क्षेत्र में राजस्थान के पर्यटकों का वाहन गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में दो पर्यटक और एक स्थानीय निवासी घायल हो गया। जिन्हे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अन्य दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार डांगियावास जोधपुर राजस्थान निवासी 24 वर्षीय अरविंद सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह अपने दोस्त युवराज सिंह पुत्र भरत सिंह उम्र 20 साल के साथ घूमने के लिए कैंची धाम आ रहे थे। सुबह हल्द्वानी पहुंचने के बाद उन्होंने हल्द्वानी निवासी दोस्त राहुल कुमार को भी साथ ले लिया। तीनों ने सुबह कैंची धाम और उसके बाद घोड़ाखाल मंदिर में दर्शन किये। राहुल की नैनीताल में डेढ़ बजे से इंटरनल परीक्षा थी। इस कारण तीनों तेजी से नैनीताल को आ रहे थे। पाइंस श्मशान घाट के समीप उन्होंने बैंड काटा ही था कि अचानक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसा होता देख क्षेत्र में दुकान संचालक और वाहन चालकों ने तत्काल सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ के साथ ही वाहन चालकों ने खाई में उतर तीनों को वाहन से बाहर निकाला।
गहरी खाई से कड़ी मशक्कत कर रेस्क्यू टीम ने तीनों को सड़क तक पहुंचाया। जहां से बीडी पांडे अस्पताल में चिकित्सकों ने राहुल कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो चोटिलों को उपचार दिया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मृतक का पता और स्वजनों की जानकारी जुटा रही है।
आगे पढ़ें
दहेज न मिलने पर पत्नी की गला घोंटकर हत्या,आरोपी पति गिरफ्तार
देहरादून। दहेज में मोटरसाईकिल न मिलने पर पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार लाल मोहम्मद पुत्र सिराजुद्दीन निवासी ग्राम शारदा नगर सुहेला टापर पुरवा पो. चकई, थाना शारदा, जिला लखीमपुर, उ.प्र. द्वारा थाना सेलाकुई पर सूचना दी कि उनके दामाद आरिफ अली पुत्र वारिश अली ने उनकी पुत्री शाहीन बानो जिसकी शादी को वर्ष 2025 मे हुई थी को दहेज के लिए प्रताडित कर चुन्नी से गला घोटकर हत्या कर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना की सवेंदनशीलता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी हेतु थाना सेलाकुई पर गठित पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिये गये। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु थाना सेलाकुई पर गठित पुलिस टीम द्वारा सुरागरसी पतारसी करते हुए साथ ही आरोपी के सभी सम्भावित स्थानों पर दबिशें दी गई। पुलिस टीम द्वारा किये जा रहे लगातार प्रयासों के परिणाम स्वरूप मिली सूचना पर फरार/वांछित आरोपी आरिफ अली को सेलाकुई बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा बताया गया कि वह दिहाडी मजदूरी का कार्य करता है तथा वर्ष 2025 मे उसका विवाह शाहिन बानो पुत्री लाल मोहम्मद निवासी ग्राम शारदा नगर सुहेला टापर पुरवा पो. चकई थाना शारदा जिला लखीमपुर उ.प्र. के साथ हुआ था। विवाह में उसके ससुराल वालो ने न तो उसे दहेज दिया था और न ही शादी में उसकी किसी प्रकार की सहायता की थी। एक माह पूर्व आरोपी अपनी पत्नी के साथ काम के लिये सेलाकुई आया था तथा जमनपुर मे किराये का कमरा लेकर अपनी पत्नी के साथ रहने लगा। आरोपी सेलाकुई में दिहाडी मजदूरी तथा उसकी पत्नी डिक्सन कम्पनी मे काम करने लगी। इस दौरान आरोपी का अक्सर दहेज में मोटर साइकिल नही देने को लेकर अपनी पत्नी के साथ विवाद होता रहता था तथा उसे शक था कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से भी बात करती है। घटना के दिन इसी बात को लेकर दोनो के बीच झगडा हो गया तथा मृतका द्वारा आरोपी को लात मारने पर आरोपी द्वारा चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी तथा अपने रिश्तेदारों व आसकृपास के लोगों को तबियत खराब होने के कारण उसकी पत्नी की मृत्यू होना बताया गया।
आगे पढ़ें
हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। पुरानी रंजिश के चलते बिनारसी गांव में हुई हत्या के मामले में लम्बे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बिनारसी गांव में रविदास जयंती के दिन दो हत्यायें हुई थी जिसमें दोनो पक्षों की ओर से हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
बीती 1 फरवरी को रविदास जयंती शोभायात्रा सकुशल संपन्न होने के उपरान्त शाम को समय करीब पांच बजे पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी विशाल द्वारा अपने सह आरोपियों के साथ मिलकर गाँव के ही युवक आनंद की गोली मारकर ह्त्या कर दी थी। जिसके पश्चात आनंद के परिजनों व उसके परिवार के अन्य लोगों द्वारा आक्रोशित होकर विशाल पक्ष के मांगेराम पुत्र चमनलाल उम्र 55 वर्ष की लाठी डंडों से पीटकर ह्त्या कर दी गयी थी तथा विशाल पक्ष के लोगों के घरों में आगजनी कर तोडफोड़ कर शान्ति व्यवस्था भंग की गयी थी। जिस पर दोनों पक्षों की तहरीर पर थाना भगवानपुर पर सम्बंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कए गए। मृतक मांगेराम के पुत्र जोनी की तहरीर पर आरोपी अनुज पुत्र चन्द्रपाल, टिकू पुत्र समय सिंह, रोहित पुत्र पदम, असकेन्द्र पुत्र रामपाल, अवनेश उर्फ हनुमान पुत्र गिरधारी लाल, मोहित पुत्र मुनेश, विकास पुत्र लक्ष्मीचन्द देशराज पुत्र बुद्धु राणा, अशोक पुत्र अतर सिंह, रामानन्द पुत्र इलमचन्द, बबलेश पुत्र सतपाल, भवानी पुत्र पाले राम, हुस्रलाल पुत्र अतर सिंह, प्रमोद पुत्र शोभाराम, अक्षय पुत्र पप्पू, सुनील पुत्र पदम, भूपेन्द्र पुत्र रामपाल, जोनी पुत्र सूरत सिंह अन्य निवासी गण बिनारसी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया। मृतक आनंद के पिता लक्ष्मीचंद की तहरीर पर आरोपी विशाल पुत्र शेर सिंह, हिमांशु पुत्र तराचंद, सौरभ पुत्र मनीराम, विनीत पुत्र देशपाल, निखिल पुत्र टीटू, विकसित पुत्र टीटू, प्रिंस पुत्र शेर सिंह के विरुद्ध थाना भगवानपुर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था तथा जिस पर गाठित पुलिस टीम द्वारा कार्यवाही करते हुये दोनो पक्षो से वर्तमान तक 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था। घटना में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। जिनमें से दो बदमाशों मनीष पुत्र रामबतोरा निवासी ग्राम बिनारसी थाना भगवानपुर जनपद हरिद्वार उम्र 42 वर्ष व सुमित पुत्र लाखन सिंह को चुडियाला ईट भटृे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है।
आगे पढ़ें
वायरल पत्र से मेरा कोई लेना-देना नहींः अरविंद पाण्डेय

देहरादून। भाजपा नेता व विधायक अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि उनके नाम से जो पत्र वायरल हुआ है उससे उनका कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह पत्र उनके खिलाफ एक प्रकार का राजनीतिक संडयंत्र है।
सोमवार को यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि देश को कमल के फूल की आवश्यकता है। आज पांच राज्यों में हुए चुनाव परिणामों ने इसे सिद्ध कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जो पत्र वायरल किया है उससे उनका कोई लेना देना नहीं है। वह पत्र गलत है तो उसमें लिखी बातें भी गलत ही होगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सोशल मीडिया में वायरल पत्र से उनका कोई लेना देना नहीं है।
विदित हो कि इन दिनों भाजपा विधायक अरविंद पाण्डेय व सरकार के बीच अंदरूनी खींचतान चल रही है। पिछले दिनों भाजपा विधायक का खनन को लेकर सरकार से कुछ मनमुटाव हुआ था जिसके बाद उनका एक कार्यालय को प्रशासन द्वारा नोटिस जारी कर उसे अवैध करार दिया गया था। ऐसे में उनके नाम से एक पत्र सोशल मीडिया में जारी होने पर उन्होने आज राजधानी देहरादून स्थित प्रदेश कार्यलय में पत्रकार वार्ता कर इस पत्र के विषय में खंडन जारी कर दिया गया है। दरअसल, उत्तराखंड की सियासत में इन दिनों एक वायरल पत्र को लेकर हलचल तेज हो गई है। गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडे के नाम से सोशल मीडिया पर प्रसारित इस पत्र ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू कर दिया था। पत्र में कथित तौर पर अरविंद पांडे की तरफ से उनके उत्पीड़न और अनदेखी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे, जिसके बाद विपक्षी दलों ने भाजपा सरकार और संगठन पर सवाल उठाने शुरू कर दिए थे। हालांकि, पूरे मामले पर अब खुद विधायक अरविंद पांडे सामने आए हैं और उन्होंने इस वायरल पत्र को सिरे से खारिज कर दिया है।
आगे पढ़ेंपश्चिम बंगाल-असम के चुनावी रूझानों से उत्तराखंड भाजपा में जश्न

रामनगर। सोमवार को तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए मतों की गिनती जारी है। पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी के पक्ष में रुझान आने के बाद उत्तराखंड में जश्न का माहौल है। रामनगर में भी बीजेपी विधायक दिवान सिंह बिष्ट के नेतृत्व में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी जाहिर की और आतिशबाजी कर जीत का उत्सव मनाया। बता दें कि सोमवार को तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की वोटिंग के बाद वोटों की गिनती चल रही है। पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी के पक्ष में आ रहे नतीजों ने बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया है। रामनगर में विधायक दिवान सिंह बिष्ट के नेतृत्व में बीजेपी कार्यकर्ता एकत्र हुए और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी का इजहार किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और जमकर आतिशबाजी भी की। वहीं, पूर्व नगर अध्यक्ष मदन जोशी ने भी इस मौके पर कहा कि बीजेपी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण पार्टी को देशभर में समर्थन मिल रहा है। आने वाले समय में बीजेपी और ज्यादा मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ता नाचते-झूमते नजर आए और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल बना रहा। फिलहाल, बीजेपी कार्यकर्ताओं में जश्न का मौहाल है। साथ ही इस चुनावी रुझानों ने पार्टी समर्थकों में नई ऊर्जा भर दी है।
गौर हो कि 4 मई को पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना हो रही है। कई राउंड की गिनती के बाद आखिरी परिणाम आएगा। इस चुनाव में तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, पश्चिम बंगाल और असम के करीब 25 करोड़ लोगों ने अपना मत दिया है। जिसका नतीजा जल्द ही सबके सामने होगा।
आगे पढ़ें
उत्तराखण्ड के पारंपरिक जल स्रोत ‘धारा’ और ‘नौले’ सूखने की कगार पर
देहरादून। उत्तराखंड के पहाड़ी गांव पलायन के कारण आज खाली हो गए हैं और इसके साथ ही पहाड़ की वह विरासत भी खत्म होने के कगार पर है। आज वह विरासत भी अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही जो सदियों से यहां के गांवों की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र होती थी। यहां बात हो रही है हिमालय की वादियों में स्थित गांवों में सदियों से प्यास बुझाते आ रहे पारंपरिक जल स्रोत ‘धारा’ और ‘नौले’ की। यह प्राकृतिक जल स्रोत, आधुनिकता की चकाचौंध और जलवायु परिवर्तन की मार के कारण धीरे-धीरे सूखने की कगार पर हैं।
पहाड़ के जीवन में पारंपरिक जल स्रोत ‘धारा’ और ‘नौले’ का विशेष महत्व रहा है। यह ‘धारा’ और ‘नौले’ सिर्फ प्यास ही नहीं बुझाते थे, बल्कि यह गांवों में सामुहिकता की एक मिशाल थी। सुबह-शाम ‘धारा’ और ‘नौले’ के आसपास महिलाओं और ग्रामीणों का जमावड़ा लगता था, जिससे आपसी संवाद और सामुदायिक एकता मजबूत होती थी। कई स्थानों पर धाराओं के पास देवस्थल भी बनाए गए, जहां लोग जल को पवित्र मानकर उसकी पूजा करते हैं।
गांवों में स्थानीय लोगों ने पीढ़ियों से इन जल स्रोतों को संरक्षित रखने के लिए प्राकृतिक संतुलन बनाए रखा। धारा के आसपास के जलग्रहण क्षेत्र में पेड़-पौधों का संरक्षण किया जाता था और वहां किसी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाता था। यही कारण था कि यह स्रोत सालभर पानी उपलब्ध कराते थे। लेकिन आधुनिकता की चकाचौंध में यह सब नहीं हो रहा है और लोग मोबाइल और टीबी पर चिपके रहते हैं। इस कारण प्राकृतिक जलस्रोत भी आज अकेले होकर दम तोड़ने लग गए है।
विशेषज्ञों के अनुसार सिर्फ यही एक कारण नहीं है बल्कि वनों की अंधाधुंध कटाई, सड़क और भवन निर्माण, और जलवायु परिवर्तन इसके प्रमुख कारण हैं। पहाड़ों में हो रहे अनियोजित विकास ने जलग्रहण क्षेत्रों को नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा, गांवों से हो रहे पलायन के चलते इन स्रोतों की नियमित देखरेख भी कम हो गई है। धाराओं के सूखने से गांवों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। कई क्षेत्रों में अब लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है या फिर सरकारी टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इससे न केवल दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है, बल्कि पारंपरिक जीवनशैली भी टूट रही है।
विशेषज्ञ मानते हैं कि यदि समय रहते इन स्रोतों के संरक्षण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है। जलग्रहण क्षेत्रों में पौधरोपण, वर्षा जल संचयन और पारंपरिक ज्ञान को बढ़ावा देने जैसे उपाय कारगर साबित हो सकते हैं। साथ ही, स्थानीय समुदाय की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
आगे पढ़ें
मॉल रोड बैरियर पर दो दंपतियों के बीच जमकर चले लात-घूंसे
मसूरी। रविवार देर शाम मॉल रोड बैरियर पर दिल्ली से आए एक पर्यटक ने प्रतिबंधित समय में मॉल रोड के अंदर वाहन ले जाने की जिद पकड़ ली। विवाद इतना बढ़ गया कि पर्यटक दंपति और स्थानीय दंपति के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं दंपतियों के बीच जमकर गाली-गलौज और लात-घूंसे चले। स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को अलग किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली से आया पर्यटक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मॉल रोड बैरियर पर पहुंचा था। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने उसे बताया कि प्रतिबंधित समय में मॉल रोड पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद है और वाहन को पार्किंग में खड़ा कर पैदल जाना होगा। लेकिन पर्यटक वाहन अंदर ले जाने की जिद पर अड़ गया। बताया जा रहा है कि पर्यटक ने बैरियर के पास ही वाहन खड़ा कर दिया और करीब साढ़े पांच घंटे तक वहीं बैठा रहा, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। देर शाम स्थानीय दंपति और लोग वहां पहुंचे और सड़क से वाहन हटाने का अनुरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि पर्यटक और उसकी पत्नी वाहन से उतरकर स्थानीय व्यक्ति पर चप्पलों से हमला करने लगे, जिसके बाद उसकी पत्नी भी उलझ पड़ी। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। महिलाओं के बीच भी धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई। घटना के दौरान मॉल रोड बैरियर क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में पुलिस दोनों पक्षों को मसूरी कोतवाली ले गई, जहां देर रात तक एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को लेकर बहस चलती रही।
आगे पढ़ें
बिजली गिरने से 500 बकरियों की मौत, पीड़ित भेड़पालकों ने की मुआवजे की मांग
चमोली। रविवार देर रात जनपद के विकासखंड दशोली के निजमुला घाटी के गौणा-भनाली तोक में आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्जन से अधिक भेड़पालकों की करीब 500 बकरियों की मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से प्रभावित परिवारों को बड़ा नुकसान हुआ है और पूरे क्षेत्र में मायूसी का माहौल है। भेड़पालकों ने जिला प्रशासन से नुकसान का आकलन कर जल्द मुआवजा देने की मांग की है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती देर रात आकाशीय बिजली गिरने से निजमूला घाटी के भनाली तोक में एक दर्जन से अधिक भेड़पालकों की 500 बकरियों की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई है। उल्लेखनीय है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 3, 4 और 5 मई 2026 के लिए चमोली जनपद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस अवधि में ओलावृष्टि, तेज बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई थी। देर रात से जिले में मौसम खराब बना हुआ है और हल्की बारिश भी जारी है, जिसके बीच यह हादसा हुआ. भेड़पालकों ने जिला प्रशासन से नुकसान का आकलन कर शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।
बता दें कि, चमोली जनपद में निजमुला घाटी भेड़ पालन का सबसे बड़ा क्षेत्र है, यहां ग्रामीणों का यह मुख्य आजीविका का साधन है।
महिला ने लगाई अलकनंदा में छलांग,तलाश जारी
श्रीनगर। सोमवार सुबह एक महिला ने अचानक कीर्तिनगर पुल से अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी। यह देख मौके पर अफरा-तफरी का माहोल पैदा हो गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और तत्काल रेस्क्यू एवं सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। अभी महिला का कोई सुराग नही लग पाया है।
नदी में कूदने वाली महिला की पहचान 35 वर्षीय रचना बमराड़ा, निवासी बिल्केदार पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। हालांकि, महिला द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।बताया जा रहा है कि हालिया बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और पानी काफी मटमैला हो गया है, जिससे सर्च अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके, राहत एवं बचाव दल लगातार महिला की तलाश में जुटा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
आगे पढ़ें
तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर,युवक की स्थिति नाजूक,हाई सेंटर रैफर

हरिद्वार। जिले के रुड़की में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर घायल हो गया। युवक की नाजूक स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रैफर किया गया है। कार में चालक के साथ एक युवती भी सवार थी। दोनों के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है।
रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक आई टेन कार बीएसएम कॉलेज की ओर से मालवीय चौक की तरफ तेज गति से जा रही थी, बताया गया है कि कार चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और बीएसएम लॉ कॉलेज के सामने एक एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, स्थानीय लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद घायल युवक को आनन-फानन में पास के हेमंत अस्पताल ले जाया गया, जहां पर हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी हालत को नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
लेकिन हादसा यहीं नहीं रुका, बताया जा रहा है कि आरोपी कार चालक ने कार को और तेज दौड़ा दिया और शेखपुरी की ओर मुड़ रही एक अन्य गाड़ी को भी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं स्थानीय लोगों ने घटनास्थल से थोड़ा आगे मालवीय चौक के पास जाकर कार चालक को पकड़ लिया, इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार चालक नशे की हालत में बताया गया, साथ ही कार में एक युवती भी मौजूद बताई गई है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव के अनुसार आरोपी ने अपना नाम सोरन थापा बताया है। उनका कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
